12 नवंबर 2014 - 20:21
ईरान के साथ समझौता पूरी दुनिया के हित में।

राष्ट्रपति रूहानी ने ईरान और गुट पांच धन एक के बीच सहमति को पूरी दुनिया के फ़ायदे में बताया।

अबनाः राष्ट्रपति रूहानी ने ईरान और गुट पांच धन एक के बीच सहमति को पूरी दुनिया के फ़ायदे में बताया।
ईरानी राष्ट्रपति के कार्यालय से जारी बयान के अनुसार, डाक्टर हसन रूहानी ने बुधवार को मंत्रीमंडल की बैठक में, इस बात का उल्लेख करते हुए कि ईरान और गुट पांच धन एक के बीच परमाणु वार्ता 24 नवंबर तक दूसरे स्तर पर जारी रहेगी, कहा कि ईरान की परमाणु वार्ताकार टीम, जनता के हितों व अधिकारों की रक्षा के लिए वार्ता कर रही है।
उन्होंने ओमान में ईरान और गुट पांच धन एक के बीच परमाणु वार्ता के ख़त्म होने की ओर इशारा करते हुए बल दिया कि ईरानी राष्ट्र अपने अधिकार और विकास के मार्ग पर बढ़ने से पीछे नहीं हटेगा और अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी आईएईए के साथ प्रतिबद्धताओं और सेफ़गार्ड के परिप्रेक्ष्य में शांतिपूर्ण परमाणु तकनीक से लाभ उठाने का अधिकार रखता है।
ईरानी राष्ट्रपति ने बल दिया कि ईरान सभी अंतर्राष्ट्रीय क़ानूनों पर प्रतिबद्ध और वरिष्ठ नेता के फ़त्वे को लागू करने पर बाध्य है और यह ईरान की ओर से शांतिपूर्ण मार्ग पर चलने के लिए सबसे बड़ी गैरंटी होगी।
ज्ञात रहे ईरान और गुट पांच धन एक के बीच मंगलवार को मस्क़त में परमाणु वार्ता संपन्न हुयी। अभी तक वार्ता का ब्योरा जारी नहीं हुआ है। इस के बीच कुछ सूत्रों के बयान में यह बात सामने आ रही है कि बहुत से मुद्दों पर सहमति हुयी जो आशा की बात है किन्तु साथ ही मतभेद भी बाक़ी हैं।